Saturday, 29 August 2026

जयपुर में खड़े ट्रेलर से तेज रफ्तार ट्रोला टकराया, ड्राइवर की मौत, खलासी घायल


जयपुर में खड़े ट्रेलर से तेज रफ्तार ट्रोला टकराया, ड्राइवर की मौत, खलासी घायल

जयपुर के बगरू थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात NH-28 पर दहमी बालाजी फ्लाईओवर के पास एक खड़े ट्रेलर में तेज रफ्तार ट्रोला पीछे से जा टकराया। हादसे में ट्रोले का केबिन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे ड्राइवर की मौत हो गई और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया।

बगरू के थाना अधिकारी मोतीलाल शर्मा ने बताया कि रात करीब 1 बजे टाइल्स से भरे ट्रेलर के ब्रेक हाउस फेल हो जाने के कारण वह बीच सड़क पर खड़ा हो गया। इसी दौरान पीछे से आ रहा तेज रफ्तार ट्रोला ट्रेलर में घुस गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रोले का केबिन पूरी तरह से चकनाचूर हो गया।

हादसे की सूचना पर बगरू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल खलासी को केबिन से बाहर निकाला गया। उसे तुरंत एंबुलेंस से SMS हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।

टक्कर के कारण ड्राइवर केबिन में फंस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने क्रेनों की मदद से क्षतिग्रस्त केबिन को काटकर दो घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए SMS हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में भिजवाया गया।

पुलिस ने क्रेनों की मदद से ट्रेलर और ट्रोले को जब्त कर बगरू थाने में खड़ा करवाया। हादसे के कारण NH-28 पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद खुलवाया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला कि हादसा ट्रेलर के बीच सड़क पर खड़े होने और ट्रोले की तेज रफ्तार के कारण हुआ। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Previous
Next

Related Posts