



राजस्थान सरकार राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इंवेस्टमेंट समिट से पहले प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने और आर्थिक प्रगति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 9 नई निवेश अनुकूल नीतियों को लॉन्च करने जा रही है। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा बुधवार को मुख्यमंत्री कार्यालय स्थित कन्वेंशन हॉल में इन नीतियों को लॉन्च करेंगे। इस कार्यक्रम में विभिन्न उद्योग क्षेत्रों के प्रतिनिधि, प्रमुख उद्योगपति और स्टेक होल्डर्स शामिल होंगे।
राजस्थान एमएसएमई नीति-2024
इस नीति के माध्यम से छोटे और मध्यम उद्योगों को ब्याज सब्सिडी, तकनीकी उन्नयन, और गुणवत्ता प्रमाणन में मदद मिलेगी।
राजस्थान निर्यात संवर्द्धन नीति-2024
निर्यातकों को तकनीकी अपग्रेडेशन, लॉजिस्टिक लागत में कमी और अंतरराष्ट्रीय बाजार में भागीदारी के लिए सहायता मिलेगी।
राजस्थान एक जिला-एक उत्पाद (ODOP) नीति-2024
हर जिले के विशिष्ट उत्पादों को वित्तीय और बुनियादी ढांचा सहायता के जरिए बढ़ावा दिया जाएगा।
पर्यटन इकाई नीति-2024
पर्यटन क्षेत्र में 24 नई इकाइयों को शामिल करते हुए निजी निवेश को प्रोत्साहन और रोजगार सृजन का लक्ष्य रखा गया है।
एकीकृत स्वच्छ ऊर्जा नीति-2024
सौर, पवन, और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे स्वच्छ ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित।
खनिज नीति-2024
राज्य की जीडीपी में खनिज क्षेत्र का योगदान बढ़ाने और रोजगार सृजन का लक्ष्य।
एम-सेण्ड नीति-2024
पर्यावरण संरक्षण और निर्माण लागत में कमी लाने हेतु खनिज बजरी के स्थान पर एम-सेण्ड का उपयोग।
क्लस्टर विकास योजना
शिल्पकारों और लघु उद्योगों के लिए कॉमन फैसिलिटी सेंटर स्थापित किए जाएंगे।
AVGC & XR नीति-2024
एनीमेशन, गेमिंग और एक्सटेंडेड रियलिटी के क्षेत्र में रोजगार और कौशल विकास के अवसर सृजित किए जाएंगे।
इन नीतियों को हाल ही में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में मंजूरी दी गई थी। इनका उद्देश्य राज्य में निवेश को आकर्षित करना, रोजगार सृजन और आर्थिक समृद्धि सुनिश्चित करना है।