कर्नाटक में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 2023 बैच के युवा आईपीएस अधिकारी हर्ष बर्धन की मौत हो गई। 25 वर्षीय हर्ष बर्धन अपनी पहली पोस्टिंग के लिए मैसूर से हसन जा रहे थे, जब यह हादसा हुआ।
हर्ष बर्धन की सरकारी गाड़ी जब हसन से लगभग 10 किलोमीटर दूर थी, तभी गाड़ी का टायर अचानक फट गया। टायर फटने से ड्राइवर का गाड़ी पर से नियंत्रण खो गया। गाड़ी पहले सड़क किनारे एक पेड़ से टकराई और फिर पास के एक घर से टकराने के बाद रुकी।
गंभीर चोटों से नहीं बच सके हर्ष बर्धन: हादसे में हर्ष बर्धन के सिर पर गंभीर चोट आई। उन्हें तुरंत हसन के एक अस्पताल में ले जाया गया। हालत बिगड़ने पर उन्हें बेंगलुरु शिफ्ट किया गया, जहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बाद भी उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। गाड़ी के ड्राइवर को मामूली चोटें आई हैं और उसका इलाज चल रहा है।
मध्य प्रदेश के सिंगरौली के रहने वाले थे हर्ष बर्धन: हर्ष बर्धन मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के रहने वाले थे। महज 25 साल की उम्र में IPS अधिकारी बनने के बाद यह उनकी पहली पोस्टिंग थी। उनकी असमय मौत ने पुलिस विभाग और उनके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
परिवार और प्रशासन में शोक: हर्ष बर्धन के निधन की खबर सुनकर उनके परिवार, मित्रों और सहकर्मियों में शोक की लहर है। पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने इसे एक बड़ी क्षति बताया है।
IPS अधिकारियों ने जताया शोक: कई वरिष्ठ IPS अधिकारियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से हर्ष बर्धन को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
हर्ष बर्धन के निधन से एक होनहार अधिकारी का सफर असमय खत्म हो गया, जो अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित थे और देश की सेवा के लिए प्रतिबद्ध थे।