राजस्थान स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (आरएसआरडीसी) की 127वीं बोर्ड बैठक रविवार को आरएसआरडीसी मुख्यालय में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में 2023-24 की बैलेंस शीट और वित्तीय लेखा प्रस्तुत किया गया। इसमें बताया गया कि इस वित्तीय वर्ष में आरएसआरडीसी का कुल टर्नओवर ₹ 3448.46 करोड़ रहा और ₹ 122.19 करोड़ का लाभ अर्जित किया गया।
कोटपूतली-कुचामन रोड के लिए ₹ 169 करोड़ मंजूर: बैठक में उपमुख्यमंत्री ने कोटपूतली-कुचामन रोड के चौड़ाईकरण और नवीनीकरण के लिए ₹169 करोड़ की स्वीकृति दी। उन्होंने परियोजना को 18 माह में पूरा करने के निर्देश दिए।
सड़क निर्माण में एफडीआर तकनीक का उपयोग: दिया कुमारी ने निर्देश दिया कि सड़क निर्माण में फुल डेप्थ रिक्रिएशन (एफडीआर) तकनीक का उपयोग किया जाए। इस तकनीक में पुरानी सड़क को उखाड़कर उसी सामग्री का पुन: उपयोग करते हुए नई सड़क का निर्माण होता है।
पर्यावरण फ्रेंडली ग्रीन कंस्ट्रक्शन पर जोर: उपमुख्यमंत्री ने सड़क और भवन निर्माण में प्लास्टिक वेस्ट और अन्य ग्रीन तकनीकों के इस्तेमाल पर जोर दिया। उन्होंने ग्रीन कंस्ट्रक्शन के जरिए पर्यावरण के अनुकूल निर्माण के लिए विशेष निर्देश दिए।
प्रोक्योरमेंट सेल और टेंडर्स में भागीदारी: बैठक में दिया कुमारी ने आरएसआरडीसी को प्रोक्योरमेंट सेल विकसित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि आरएसआरडीसी को दूसरे राज्यों और अन्य विभागों के टेंडर्स में भाग लेना चाहिए। इससे यह एजेंसी राज्य सरकार के लिए बड़े राजस्व का स्रोत बन सकेगी।
प्रमुख अधिकारी रहे मौजूद: बैठक में प्रमुख शासन सचिव (सार्वजनिक निर्माण विभाग) प्रवीण गुप्ता, शासन सचिव (वित्त) नवीन जैन, आरएसआरडीसी एमडी सुनील जयसिंह समेत कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
आरएसआरडीसी की उपलब्धियां: आरएसआरडीसी ने 2023-24 में रिकॉर्ड ₹ 3448.46 करोड़ का टर्नओवर और ₹ 122.19 करोड़ का मुनाफा दर्ज किया। इस सफलता के साथ, संगठन ने ग्रीन कंस्ट्रक्शन और नवीन तकनीकों के उपयोग का संदेश दिया है।