श्री कृष्ण चिकित्सालय, दौसा द्वारा बच्चों के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से “नन्ही मुस्कान” Healthy Child Contest का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम रविवार को चिकित्सालय प्रांगण में भव्य रूप से संपन्न हुआ।
राज्यपाल बागडे ने किया पोस्टर का अनावरण: राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने प्रतियोगिता का पोस्टर अनावरण किया। इस अवसर पर राज्यपाल महोदय ने बच्चों के स्वस्थ जीवन और उनके समग्र विकास की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा, "स्वस्थ बच्चे ही राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव हैं।" उन्होंने श्री कृष्ण चिकित्सालय की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक प्रेरणादायक कदम बताया।
चिकित्सकों और अभिभावकों की सहभागिता: कार्यक्रम में श्री कृष्ण चिकित्सालय के वरिष्ठ चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. पंकज ज़ुत्शी, डॉ. खुशी शर्मा, और डॉ. पीयूष त्रिवेदी के साथ श्रीमती वंदना शर्मा उपस्थित रहीं। चिकित्सकों ने अभिभावकों को बच्चों के समग्र स्वास्थ्य के महत्व और उनके पोषण, शिक्षा और मानसिक विकास पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रेरित किया।
Healthy Child Contest का मुख्य उद्देश्य अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य और समृद्धि के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम में बच्चों के समग्र स्वास्थ्य की जांच, स्वस्थ आदतों को प्रोत्साहन और बाल स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर विशेष चर्चा की गई।
राज्यपाल बागडेने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ न केवल जागरूकता फैलाने का माध्यम हैं, बल्कि वे समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाती हैं।
बालकों के उज्ज्वल भविष्य के लिए पहल: कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों को स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा विशेष परामर्श दिया गया। इस पहल का उद्देश्य राजस्थान के बच्चों के स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य को सुनिश्चित करना है।