



नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष और राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ को मिली जान से मारने की धमकी को बेहद गंभीर और चिंताजनक करार दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब सत्तारूढ़ पार्टी के नेता भी सुरक्षित नहीं हैं।
टीकाराम जूली ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली पुलिस आयुक्त को पत्र लिखना पड़ा। यह राजस्थान सरकार की नैतिक जिम्मेदारी है कि वह अपनी पार्टी अध्यक्ष को सुरक्षा प्रदान करे। परंतु मुख्यमंत्री को अपराध पर लगाम लगाने की बजाय केवल 'उदय राजस्थान' पर ध्यान देने की चिंता है।”
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि प्रदेश में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है, जिससे आम जनता में असुरक्षा की भावना पैदा हो गई है। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ को धमकी से स्पष्ट है कि अपराधियों के मन से कानून का डर समाप्त हो चुका है। जब सत्ताधारी दल का मुखिया सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता की सुरक्षा की स्थिति और भी भयावह होगी।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सवाल उठाया कि भाजपा के शासन में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने कहा कि सरकार को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि प्रदेश में कानून का राज स्थापित हो।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं लिया गया, तो जनता का सरकार पर से भरोसा समाप्त हो जाएगा।
टीकाराम जूली ने भाजपा प्रदेश अध्यक्षमदन राठौड़ को मिली धमकी पर कहा कि यह केवल एक व्यक्ति पर नहीं बल्कि पूरी राजनीतिक व्यवस्था पर हमला है। उन्होंने इसे भाजपा सरकार की नाकामी का प्रतीक बताया और कहा कि सरकार को तत्काल कदम उठाने चाहिए।