



भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ को शुक्रवार सुबह जान से मारने की धमकी देने वाले हेतराम मेघवाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपित ने राठौड़ को फोन कर गाली-गलौज की और अपशब्दों का इस्तेमाल किया। घटना के बाद मदन राठौड़ ने तुरंत दिल्ली पुलिस को मामले की जानकारी दी और एफआईआर दर्ज करवाई।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि हेतराम मेघवाल उर्फ लादूनाथ एक राजनीतिक दल के बड़े नेता का निजी सहयोगी रह चुका है। पुलिस पूछताछ में उसने धमकी देने की बात स्वीकार की है। हालांकि, आरोपी बार-बार बयान बदल रहा है और खुद को कभी निर्दलीय प्रत्याशी से जुड़ा बता रहा है।
पुलिस ने फोन नंबर की जांच की, जो आशीष कुमार के नाम पर पंजीकृत था। आशीष ने बताया कि यह नंबर उसके पिता हेतराम मेघवाल इस्तेमाल कर रहे थे। इसके बाद गंगानगर के अनुपगढ़ में पुलिस ने हेतराम मेघवाल को गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि हेतराम आदतन नशेड़ी है और इससे पहले कलक्टर और अन्य राजनेताओं को भी धमकी दे चुका है। आरोपी ने पूछताछ में कभी खुद को बिहार का बताया, तो कभी अनुपगढ़ का निवासी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मैं हर कॉल का जवाब देता हूं, क्योंकि हो सकता है किसी जरूरतमंद को मदद की आवश्यकता हो। यही वजह है कि मैंने अनजान नंबर से आए फोन को रिसीव किया।"
उन्होंने कहा कि इस घटना ने समाज में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति की ओर ध्यान खींचा है। पंजाब के नजदीकी इलाकों में नशे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है, जिससे युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि पंजाब के नजदीकी इलाकों में नशे का कारोबार तेजी से पांव पसार रहा है, आरोपित आदतन नशेडी भी हो सकता है, इस मामले की पुलिस जांच में खुलासा होगा लेकिन नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने की सख्त कार्रवाई सरकार द्वारा की जाएगी। नशे में युवा पीढ़ी को बर्बाद करने का भी प्रयास किया जा रहा है, यह भी एक तरह का हमला है। वहीं समाज में हो रही अप्रिय घटनाओं को लेकर राठौड़ ने कहा कि हम जनप्रतिनिधि है और समाज के असामाजिक तत्वों के खिलाफ हमें बोलना ही होगा। समाज में अवांछित घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हमारा प्रयास रहेगा कि समाज अच्छे मार्ग पर चले, ऊंचाइयां प्राप्त करें और नशे जैसी प्रवृत्तियों पर नकेल कसी जाए।