



जयपुर के जवाहर नगर इलाके में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय सन्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त पिंटू (19) घायल हो गया। हादसा तब हुआ जब उनकी बाइक को डम्पर ने साइड से टक्कर मार दी।
रात करीब 9:45 बजे सन्नी और पिंटू बाइक से मानसरोवर में शादी समारोह के लिए रवाना हुए।टीला नंबर-7, जवाहर नगर के पास डम्पर ने साइड काटते हुए उनकी बाइक को टक्कर मारी। हादसे में सन्नी डम्पर के टायर के नीचे आ गया, जिससे उसका सिर फट गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पिंटू दूसरी ओर गिरकर घायल हो गया।
मृतक सन्नी (18) मूल रूप से नांगल राजावतान, दौसा का निवासी था। वह अपने परिवार के साथ टीला नंबर-5, जवाहर नगर में रहता था।सन्नी जयपुर के राजापार्क में एक प्लाईवुड कंपनी में काम करता था।घायल पिंटू (19) भी दौसा का रहने वाला है और वर्तमान में टीला नंबर-6, जवाहर नगर में रहता है।
एक्सीडेंट थाना (ईस्ट) पुलिस ने बताया कि पिंटू को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।मृतक सन्नी के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।पुलिस ने डम्पर चालक और वाहन की पहचान के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
सन्नी की अचानक मौत से परिवार और दोस्तों में शोक की लहर है। वे इंसाफ की मांग कर रहे हैं और दोषी चालक की जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद कर रहे हैं।
पुलिस ने सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता और डम्पर चालकों के लिए सख्त नियमों को लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया है।