



जयपुर के मानसरोवर इलाके में गुरुवार सुबह एक लैब टेक्नीशियन की निर्माणाधीन बिल्डिंग की चौथी मंजिल से गिरने से मौत हो गई। मृतक के बड़े भाई ने पड़ोसियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई है। भाई का कहना है कि झगड़े के दौरान पड़ोसियों ने सिर पर ईंट से वार किया और उसे छत से धक्का दे दिया।
मृतक की पहचान सुभाष लवानिया (49) के रूप में हुई है, जो हीरापथ, उत्तर नगर, मानसरोवर में रहते थे और एक मेडिकल लैब में टेक्नीशियन थे। सुभाष के भाई रामवतार लवानिया ने बताया कि पड़ोसी बाबूलाल शर्मा, सुरेश यादव, कजोड़ मल, और गौरव शर्मा ने सुबह मीटिंग के बहाने सुभाष को अपनी निर्माणाधीन बिल्डिंग पर बुलाया। चौथी मंजिल पर बातचीत के दौरान कहासुनी होने पर पड़ोसियों ने सिर पर ईंट से वार किया और छत से नीचे फेंक दिया।
छत से गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे।सुभाष को गंभीर हालत में धन्वंतरि हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से उसे SMS हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान सुभाष की मौत हो गई।
मृतक के भाई ने बताया कि सुभाष जेडीए द्वारा 200 फीट रोड निर्माण में घर टूटने से परेशान थे।सोशल मीडिया पर एक लेटर सामने आया है, जिसमें सुभाष ने राष्ट्रपति से आत्महत्या की इजाजत मांगी थी।उन्होंने मकान टूटने और जेडीए के रवैये से परेशान होने की बात लिखी थी।
मानसरोवर थाना पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस ने बताया कि मृतक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं।चार आरोपियों को चिह्नित कर पूछताछ की जा रही है।
रामवतार ने कहा,"पड़ोसी जबरदस्ती मकान बेचने का दबाव बना रहे थे। इसी विवाद के चलते उन्होंने मेरे भाई की हत्या की।"
पुलिस ने घटनास्थल और मृतक के परिवार के बयान दर्ज कर लिए हैं। मामले की गहन जांच की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।