Saturday, 29 August 2026

जयपुर पुलिस का एक्शन: 100 से अधिक बाइकों के शोर करने वाले साइलेंसर जब्त, बाइकर्स और मॉडिफाई दुकानों पर कार्रवाई


जयपुर पुलिस का एक्शन: 100 से अधिक बाइकों के शोर करने वाले साइलेंसर जब्त, बाइकर्स और मॉडिफाई दुकानों पर कार्रवाई

जयपुर के मानसरोवर थाना पुलिस ने साइलेंट जोन, स्कूल, अस्पताल, और भीड़भाड़ वाले इलाकों में बाइक से पटाखे जैसी आवाज निकालने वाले 100 से अधिक बाइक चालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इन बाइकर्स के साइलेंसर जब्त कर लिए गए हैं और मॉडिफाई साइलेंसर लगाने वाले दुकानदारों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है।

पुलिस कार्रवाई का विवरण

डीसीपी साउथ, दिगंत आनंद ने बताया कि मानसरोवर क्षेत्र में लंबे समय से बाइक सवारों द्वारा पटाखे जैसी आवाज निकालने की शिकायतें मिल रही थीं। यह लोग रात-दिन बाइक से साइलेंट जोन में शोर मचाकर स्थानीय लोगों को परेशान करते थे।

पिछले दो महीनों में पुलिस ने नाकाबंदी कर इन शरारती बाइकर्स पर ध्यान केंद्रित किया और 100 से अधिक बाइकों के शोर मचाने वाले साइलेंसर जब्त कर लिए। साथ ही, बाइक चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत केस दर्ज किए गए।

मॉडिफाई साइलेंसर बनाने वालों पर भी कार्रवाई

जांच में सामने आया कि कुछ दुकानदार बाइक को मॉडिफाई कर अवैध साइलेंसर फिट कर रहे थे। पुलिस ने ऐसी दुकानों को चिन्हित कर उन्हें समझाइश दी। डीसीपी आनंद ने कहा कि अगर भविष्य में इन दुकानों से फिर शिकायतें मिलती हैं, तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

महेश नगर कॉलोनी में लोगों की परेशानी

महेश नगर 80 फीट और 60 फीट रोड पर रहने वाले कॉलोनीवासियों ने बताया कि ये शरारती बाइकर्स स्कूलों, अस्पतालों और कॉलोनियों में शोर मचाते हैं। अटल अस्पताल, माया देवी अस्पताल, और हैल्थ अस्पताल के आसपास बाइकर्स की यह हरकत लोगों को डराने का कारण बनती है।

स्थानीय निवासियों ने कहा कि कई बार सड़क पर अचानक से पटाखे जैसी आवाज आने पर वाहन चालक घबरा जाते हैं और अपने वाहन रोक देते हैं। कॉलोनीवासियों ने पुलिस से इन इलाकों में कड़ी निगरानी की मांग की है।

पुलिस का आगे का कदम

पुलिस टीम अवैध मॉडिफिकेशन करने वालों की जानकारी जुटा रही है। डीसीपी साउथ ने बताया कि कुछ साइलेंसर पंजाब से लाए जा रहे हैं, और कुछ जयपुर में ही बनाए जा रहे हैं। इनके खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Previous
Next

Related Posts