



भाजपा सरकार की पहली वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश के युवाओं, किसानों और महिलाओं को विशेष सौगातें देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री शर्मा ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि राज्य सरकार का एक वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले कार्यक्रम प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होंगे।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा, "युवा, किसान और महिला कल्याण हमारी प्राथमिकता है। राज्य सरकार के 1 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से विभिन्न वर्गों को विकास कार्यों और योजनाओं की सौगातें दी जाएंगी। सभी संबंधित विभाग समय पर अपनी तैयारियां पूरी करें।"
मुख्यमंत्री शर्मा ने युवाओं के लिए रोजगार उत्सव आयोजित करने के निर्देश दिए, जिसमें नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। साथ ही, "रन फॉर विकसित राजस्थान" के आयोजन के जरिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कृषकों और पशुपालकों को दी जाने वाली सौगातों पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि महिला सशक्तिकरण राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इस आयोजन के दौरान महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य और जिला स्तर पर आयोजित विकास प्रदर्शनियों को आकर्षक और जानकारीपूर्ण बनाया जाए। इन प्रदर्शनियों में सरकार की उपलब्धियां और योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि आमजन तक अधिक से अधिक जानकारी पहुंचे।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने इन कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से इन्हें पूरा करने के निर्देश दिए।
इस समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव सुधांश पंत, अतिरिक्त मुख्य सचिव जल संसाधन अभय कुमार, अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त अखिल अरोड़ा, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।