



जयपुर के गांधी नगर थाना क्षेत्र में महिला की संदिग्ध मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि लिव-इन पार्टनर ने शराब पार्टी के दौरान हुए झगड़े के बाद महिला की गला दबाकर हत्या कर दी और जहर खाने से मौत होने का नाटक किया। गांधी नगर थाना पुलिस ने आरोपी प्रेमी मनीष निरवान (32) को मंगलवार देर रात गिरफ्तार कर लिया।
थानाधिकारी राजकुमार मीना ने बताया कि हत्या के आरोपी मनीष निरवान ने अपनी प्रेमिका कविता बैरवा (30) की गला दबाकर हत्या की। मनीष, जो गांधी नगर स्थित झालाना डूंगरी का निवासी है और किराने की दुकान चलाता है, पिछले चार साल से बसवा दौसा निवासी कविता के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। कविता अपने पहले पति को छोड़ चुकी थी और तीन बच्चों के साथ मनीष के साथ रह रही थी।
रविवार रात को मनीष और कविता ने घर पर शराब पार्टी की। शराब पीने के दौरान पैसों को लेकर विवाद शुरू हो गया। मनीष के अपनी मां को पैसे देने और कविता को पैसे न देने की बात पर दोनों में झगड़ा हो गया।
झगड़ा इतना बढ़ गया कि कविता ने गुस्से में अपने बेटे को बेड से नीचे गिरा दिया। मनीष ने कविता को थप्पड़ मारा, जिसके बाद कविता ने भी उसे थप्पड़ मारे। गुस्से में मनीष ने कविता का गला पकड़ लिया और दम घुटने से उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद मनीष ने कविता के शव को गद्दे पर लिटा दिया। शराब के नशे में होने के कारण कविता के मुंह से झाग निकलने लगा, जिसे देखकर मनीष ने जहर खाने से मौत होने का नाटक किया। उसने कविता के पिता रमेश चंद को कॉल कर तबीयत खराब होने की बात कही।
जब पिता घर पहुंचे, तो कविता मृत अवस्था में मिली। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एसएमएस हॉस्पिटल भेजा और पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
हत्या के संदेह पर पुलिस ने आरोपी मनीष को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर मनीष ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। गांधी नगर पुलिस ने आरोपी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।