Saturday, 29 August 2026

मुख्यमंत्री शर्मा ने चिकित्सा विभाग की समीक्षा बैठक ली, "आपणो स्वस्थ राजस्थान" राज्य सरकार की प्राथमिकता, 48 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन


मुख्यमंत्री शर्मा ने चिकित्सा विभाग की समीक्षा बैठक ली, "आपणो स्वस्थ राजस्थान" राज्य सरकार की प्राथमिकता, 48 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि राजस्थान की जनता को सस्ती, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने सभी योजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

चिकित्सा विभाग की भर्ती प्रक्रियाधीन
चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने बैठक में जानकारी दी कि विभाग के 48 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। अब तक 8 हजार पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने विभागीय अधिकारियों से शेष भर्तियों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने और लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने को कहा।

आयुष्मान मॉडल सीएचसी का विस्तार
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि छोटे शहरों और कस्बों में उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आयुष्मान मॉडल सीएचसी का निर्माण किया जा रहा है। इन केंद्रों से न केवल प्राथमिक स्तर पर सेवाएं बेहतर होंगी, बल्कि बड़े अस्पतालों का भार भी कम होगा।

मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना का प्रचार-प्रसार
मुख्यमंत्री शर्मा  ने मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत निःशुल्क इलाज की उपलब्धता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि योजना में शामिल नए प्रावधानों और सुविधाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके तहत बच्चों की चिकित्सा और पोर्टेबिलिटी सुविधाओं को जोड़ा गया है।

मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई
चिकित्सा विभाग के "शुद्ध आहार, मिलावट पर वार" अभियान की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ सहन नहीं किया जाएगा।

स्वास्थ्य मानकों में राजस्थान अग्रणी
प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य श्रीमती गायत्री ए. राठौड़ ने बैठक में बताया कि राजस्थान स्वास्थ्य के कई मानकों में राष्ट्रीय औसत से बेहतर स्थिति में है। शिशु और मातृ मृत्यु दर में कमी आई है और संस्थागत प्रसव के मामले में राज्य देश में अग्रणी है। राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन के तहत स्क्रीनिंग में राजस्थान पहले स्थान पर है।

स्वास्थ्य रिकॉर्ड डिजिटल करने की पहल
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि राजस्थान डिजिटल हेल्थ मिशन के तहत हर नागरिक का स्वास्थ्य रिकॉर्ड डिजिटल किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश के हर व्यक्ति की आभा आईडी बनाई जाएगी।

बैठक में केन्द्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, अस्पतालों की नियमित मॉनिटरिंग, मौसमी बीमारियों की रोकथाम सहित कई विषयों पर चर्चा की गई। इस दौरान मुख्य सचिव सुधांश पंत, अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री) शिखर अग्रवाल, अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त अखिल अरोड़ा, प्रमुख सचिव (मुख्यमंत्री) आलोक गुप्ता, शासन सचिव चिकित्सा शिक्षा अम्बरीश कुमार, मिशन निदेशक एनएचएम डॉ. भारती दीक्षित, सीईओ स्टेट हेल्थ एश्योरेंस ऐजेंसी श्रीमती प्रियंका गोस्वामी, प्रबंध निदेशक आरएमएससी श्रीमती नेहा गिरी, आयुक्त चिकित्सा शिक्षा श्री इकबाल खान, निदेशक आईईसी शाहीन अली खान, निदेशक जन स्वास्थ्य डॉ. रवि प्रकाश माथुर, सहित वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद रहे।

Previous
Next

Related Posts