



जवाहर नगर स्थित माहेश्वरी पब्लिक स्कूल के तक्षशिला सभागार में प्राइमरी वर्ग (कक्षा 1 से 5) का वार्षिकोत्सव 2024 भव्य तरीके से आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में वार्षिक पुरस्कार वितरण के साथ-साथ विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। समारोह के मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध व्यवसायी एवं समाजसेवी किशोर बंग और विशिष्ट अतिथि सीए अमित तोषनीवाल थे। इस अवसर पर माहेश्वरी शिक्षा समिति के चेयरमैन केदारमल भाला, वाइस चेयरमैन बजरंग लाल बाहेती, महासचिव शिक्षा मधुसूदन बिहानी, मानद सचिव (सी.ए) अमित गट्टानी और कोषाध्यक्ष (सी.ए) अनिल कुमार शारडा सहित विद्यालय के प्राचार्य अशोक वैद एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद चेयरमैन केदारमल भाला ने अतिथियों का स्वागत भाषण दिया। महासचिव मधुसूदन बिहानी ने शिक्षा समिति के उद्देश्यों और मानद सचिव अमित गट्टानी ने विद्यालय परिसर में निर्माणाधीन "एमपीएस कल्चरल सेंटर" परियोजना का उल्लेख किया, जो छात्रों को भारतीय कलाओं और संस्कृति की शिक्षा प्रदान करने के लिए समर्पित होगा। इस बहु-उद्देश्यीय भवन में प्री-प्राइमरी स्कूल की भी सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे छात्रों के सर्वांगीण विकास की दिशा में और कदम बढ़ाया जाएगा।
प्राचार्य अशोक वैद ने विद्यालय की वार्षिक उपलब्धियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसके बाद मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, और प्रबंध समिति के सदस्यों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अव्वल रहे छात्रों को पुरस्कृत किया। अतिथियों ने अपने संबोधन में विद्यालय की शिक्षा प्रणाली की सराहना करते हुए छात्रों को अपने कौशलों का विकास कर देश और समाज की प्रगति में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्राइमरी छात्रों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहे। "गणेश वंदना" से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इसके बाद "द मैजिकल ट्रांसफॉर्मेशन" नाटक पर आधारित प्रस्तुतियाँ हुईं, जिनमें एकल परिवारों में बच्चों की मोबाइल और इंटरनेट पर बढ़ती निर्भरता और संयुक्त परिवारों की आवश्यकता पर प्रकाश डाला गया। छात्रों ने भारतीय और पाश्चात्य शैली के नृत्य और गायन प्रस्तुत किए। समापन प्रस्तुति के रूप में वाद्यवृंद (ऑर्केस्ट्रा) की मधुर ध्वनियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के अंत में छात्र-प्रतिनिधि मयंक भारद्वाज और परिधि खंडेलवाल ने सभी अतिथियों और विद्यालय परिवार के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।