



जयपुर के मोतीडूंगरी रोड पर ज्वाइंट कमेटी तहफ़्फ़ुज़- ए-औक़ाफ़, राजस्थान द्वारा वक्फ संशोधन बिल 2024 के खिलाफ और वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा के लिए तलफ़्फ़ुज़-ए-औक़ाफ़ कॉन्फ्रेंस का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में हजारों लोग शामिल हुए और इस बिल का विरोध जताया। ज्वाइंट कमेटी के संयोजक मुहम्मद नाज़िमुद्दीन ने बताया कि यह बिल वक्फ की स्वायत्तता और संचालन की स्वतंत्रता को समाप्त करने की कोशिश है, जो संविधान की धारा 25 और 26 का उल्लंघन है। कॉन्फ्रेंस में जमाअते इस्लामी हिन्द के उपाध्यक्ष मलिक मुअतसिम ख़ान ने कहा कि यह बिल पिछले 100 सालों के सुधारों को नष्ट कर देगा और सरकार को इसे वापस लेना चाहिए। मौलाना सैयद तहज़िबुल हसन रिज़वी ने कहा कि वक्फ संपत्ति को संरक्षित रखना देश के साम्प्रदायिक सद्भावना के लिए आवश्यक है। ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के प्रवक्ता डॉ. क़ासिम रसूल इलियास ने भी इस बिल पर कड़ा विरोध जताते हुए इसे मुसलमानों के धार्मिक अधिकारों पर हमला बताया।