Saturday, 29 August 2026

जोधपुर नगर निगम का फर्जी पट्टा मामला: कर्मचारी गिरफ्तार


जोधपुर नगर निगम का फर्जी पट्टा मामला: कर्मचारी गिरफ्तार

जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट के भगत की कोठी थाना पुलिस ने नगर निगम जोधपुर में फर्जी पट्टा जारी करने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तिलक नगर उदयमंदिर निवासी और नगर निगम कर्मचारी मयंक पुत्र चंद्रप्रकाश वाल्मीकि को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर नगर निगम के नाम से पट्टा जारी करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, यह मामला नगर निगम के निजी सहायक उपयुक्त प्रथम सुधीर प्रताप द्वारा दर्ज करवाया गया था। रिपोर्ट में बताया गया कि सरदारपुर स्थित प्लॉट संख्या 871, जगदंबा कॉलोनी महेश छात्रावास के पीछे, का फर्जी पट्टा जारी कर दिया गया। इस मामले में 9 जनवरी 2024 और 2 फरवरी को आरोपी को नोटिस जारी कर व्यक्तिगत सुनवाई का अवसर दिया गया था, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

जांच में सामने आया कि पट्टा शाखा में इस भूखंड का कोई रिकॉर्ड नहीं था और महापौर के हस्ताक्षर भी फर्जी थे। इस मामले में आरोपी सुल्तान सिंह राठौड़, जो कि शेर विलास कॉलोनी का निवासी है, के खिलाफ धोखाधड़ी से फर्जी पट्टा बनाने का मामला भी दर्ज किया गया था।

सुल्तान सिंह की गिरफ्तारी के बाद उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने खुलासा किया कि फर्जी पट्टा उसके साथी देवेंद्र सिंह के पास था। पुलिस ने मामले की गहन जांच के बाद मयंक वाल्मीकि की गिरफ्तारी करते हुए इस फर्जीवाड़े को उजागर किया है।

Previous
Next

Related Posts