



जयपुर मानसरोवर स्थित अग्रवाल समाज सामुदायिक भवन में सर्व समाज सनातन समिति के तत्वावधान में गुरुवार को दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 51 विशिष्ट नागरिकों का अभिनंदन किया गया, जो सरकारी शीर्ष पदों पर कार्यरत एवं सेवानिवृत्त अधिकारी, व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं धार्मिक विद्वान हैं। इन सभी को भगवान श्रीराम के चित्र, माला और सनातनी दुपट्टे से सम्मानित किया गया।

जयपुर ग्रामीण से सांसद राव राजेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने आने वाली पीढ़ी को सनातन संस्कारों से शिक्षित करने पर जोर दिया।
सांसद सिंह ने कहा कि हमारे संविधान में "इंडिया दैट इज भारत" के बजाय "भारत दैट इज इंडिया" होना चाहिए था, क्योंकि भारत हमारा पुरातन नाम है, जबकि इंडिया अंग्रेजों द्वारा दिया गया नाम है।
समिति के संरक्षक डॉ. मेघेन्द्र शर्मा ने समाज को जागरूक रखने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि हमें अपनी नई पीढ़ी को सनातन संस्कारों से युक्त वातावरण देना चाहिए, ताकि वे भारत की सांस्कृतिक धरोहर को समझ सकें।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ और अन्नकूट प्रसादी के साथ हुआ। मीडिया संयोजक मुकेश भारद्वाज और कार्यक्रम संयोजक रिंकू अग्रवाल ने सभी उपस्थित गणमान्य अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।