



भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने राहुल गांधी के बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे "घटिया, अपमानजनक और मूर्खतापूर्ण" बताया है। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि राहुल गांधी को संपूर्ण क्षत्रिय समाज से माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि इस तरह के बयान ने राजस्थान की सभ्यता, अस्मिता, और संस्कृति को आहत किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का बयान, जिसमें उन्होंने राजा-महाराजाओं को अंग्रेजों का सहयोगी बताया, पूरी तरह गलत और अपमानजनक है। राजस्थान के क्षत्रिय समाज का इस प्रकार का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि देश की संस्कृति और सभ्यता को बनाए रखने में राजपूत राजा-महाराजाओं की बड़ी भूमिका रही है। महाराणा प्रताप और पृथ्वीराज चौहान जैसे महान योद्धाओं का योगदान भारत की रक्षा में अविस्मरणीय है। राहुल गांधी को अपने बयान पर माफी मांगनी चाहिए, नहीं तो इसके विरोध में आंदोलन शुरू होगा।
डॉ. अग्रवाल ने भाजपा की सातों उपचुनाव सीटों पर बहुमत के साथ जीत दर्ज कराने का भरोसा जताया और कांग्रेस को एक डूबती हुई नाव करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में नेतृत्व की कमी है और उनके भ्रष्टाचार के चलते जनता अब उन्हें माफ नहीं करेगी। भाजपा प्रदेश कार्यालय में उन्होंने चुनाव वार रूम का निरीक्षण किया, जहां भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी और मीडिया संयोजक प्रमोद वशिष्ठ ने चुनाव प्रबंधन की जानकारी दी।