Saturday, 29 August 2026

विधानसभा उपचुनाव 2024: होम वोटिंग के पहले चरण में 2,338 बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं ने किया मतदान


 विधानसभा उपचुनाव 2024: होम वोटिंग के पहले चरण में 2,338 बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं ने किया मतदान

विधानसभा उपचुनाव 2024 के तहत सात विधानसभा क्षेत्रों में होम वोटिंग के जरिए 2,338 बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। 85 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं के लिए शुरू हुई इस होम वोटिंग प्रक्रिया के दौरान दौसा विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को पहले चरण के पहले दिन 206 मतदाताओं ने अपने घर पर ही वोट डाला।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवीन महाजन ने जानकारी दी कि अब तक खींवसर, रामगढ़ और चौरासी विधानसभा क्षेत्रों में होम वोटिंग का पहला चरण संपन्न हो गया है। बुधवार को दौसा में चार मतदाता घर पर अनुपस्थित मिले जबकि तीन अन्य मतदाताओं का आवेदन के बाद से निधन हो चुका है।

बुधवार को तीसरे दिन तक कुल 726 मतदाताओं ने होम वोटिंग के माध्यम से वोट डाला। पहले दिन 900 और दूसरे दिन 712 मतदाताओं ने अपने घर पर मतदान किया था। अब तक, 56 मतदाता अनुपस्थित पाए गए और 29 मतदाताओं का आवेदन के बाद निधन हो गया।

राज्य में होम वोटिंग के लिए कुल 3,193 मतदाताओं ने आवेदन किया था, जिनमें सबसे अधिक मतदान देवली-उनियारा क्षेत्र में हुआ, जहां 460 मतदाताओं ने होम वोटिंग का लाभ उठाया। अन्य विधानसभा क्षेत्रों में खींवसर में 399, झुंझुनू में 376, सलूम्बर में 374, चौरासी में 308 और रामगढ़ में 215 मतदाताओं ने घर से मतदान किया है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिन मतदाताओं से पहले चरण में वोट नहीं डल सका, उनके लिए दूसरे चरण में मतदान की व्यवस्था की जाएगी। होम वोटिंग प्रक्रिया में 87 मतदान दलों का गठन किया गया है। दौसा, झुंझुनू, देवली-उनियारा और सलूम्बर क्षेत्रों में 7 नवम्बर को भी होम वोटिंग का आयोजन होगा। मतदान दलों का दूसरा दौरा 9-10 नवम्बर को किया जाएगा।

Previous
Next

Related Posts