



मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आगामी राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि इस समिट से राजस्थान की वैश्विक स्तर पर साख बढ़ेगी और राज्य में नए निवेश अवसरों का निर्माण होगा। उन्होंने समिट के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य गतिविधियों में राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति और कला को प्रमुखता से शामिल करने का निर्देश दिया, ताकि देश-विदेश के निवेशक राज्य की अनोखी संस्कृति का आनंद ले सकें।
मुख्यमंत्री शर्मा ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया कि 9 से 11 दिसंबर तक होने वाली इस समिट के आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाए। समिट के प्रवासी राजस्थान कॉन्क्लेव में अधिक से अधिक प्रवासी राजस्थानियों को आमंत्रित करने के लिए विशेष पहल की जाएगी और कार्यक्रम में राजस्थान की सांस्कृतिक थीम को दर्शाया जाएगा। इसके अलावा, प्रदर्शनी में "एक जिला-एक उत्पाद" और "राजीविका" के पवेलियन के माध्यम से राज्य की विशिष्टताओं को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने समिट में पर्यटन, शिक्षा, वित्त सहित विभिन्न क्षेत्रों और देशों के निवेश से जुड़े सेक्टरल एवं कंट्री सेशन्स और एमएसएमई कॉन्क्लेव आयोजित करने पर जोर दिया। इन सत्रों में भाग लेने वाले निवेशकों और प्रतिनिधियों के लिए सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी।
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य सचिव सुधांश पंत, अतिरिक्त मुख्य सचिव शिखर अग्रवाल, उद्योग एवं वाणिज्य प्रमुख सचिव अजिताभ शर्मा, पर्यटन सचिव रवि जैन, रीको के प्रबंध निदेशक इंद्रजीत सिंह, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।