



जयपुर में दीपावली के अवसर पर विशेष रोशनी और सजावट के लिए पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ ने विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कारों की घोषणा की। इन पुरस्कारों का चयन 16 सदस्यीय समिति द्वारा किया गया। निजी भवनों में की गई रोशनी की श्रेणी में स्वर्णिम आभा से सुसज्जित राजस्थान पत्रिका मुख्यालय केसरगढ़ को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।
बाजारों की श्रेणी में परकोटे के बड़े बाजारों में जौहरी बाजार को प्रथम स्थान, चांदपोल बाजार को द्वितीय, चौड़ा रास्ता को तृतीय और किशनपोल बाजार को सांत्वना पुरस्कार मिला। छोटे बाजारों में बापू बाजार पहले, नेहरू बाजार दूसरे और इंदिरा बाजार तीसरे स्थान पर रहे, जबकि चांदी की टकसाल को सांत्वना पुरस्कार मिला। गलियों के छोटे बाजारों में हल्दियों का रास्ता को प्रथम, लालजी सांड का रास्ता को द्वितीय और घी वालों का रास्ता को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ, जबकि गणगौरी बाजार को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
परकोटे के बाहर बड़े बाजारों में एमआई रोड प्रथम, राजापार्क द्वितीय और स्वामी सर्वानंद मार्ग को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ, जबकि न्यू सांगानेर रोड सोडाला और मध्यम मार्ग मानसरोवर को सांत्वना पुरस्कार मिला। बाजारों में गेट श्रेणी में जोरावर सिंह गेट को प्रथम स्थान मिला।
सरकारी भवनों में एसएमएस मेडिकल कॉलेज को प्रथम, जयपुर विकास प्राधिकरण को द्वितीय और नगर निगम ग्रेटर को तृतीय स्थान दिया गया। पर्यटन स्थलों में आमेर परियों का बाग को प्रथम स्थान और धार्मिक स्थलों में अक्षरधाम स्वामी नारायण मंदिर को प्रथम, अमरापुरा स्थान को द्वितीय, बिड़ला मंदिर को तृतीय और खोले के हनुमानजी मंदिर को सांत्वना पुरस्कार मिला।
निजी मॉल्स में गणपति प्लाजा प्रथम, गौरव टावर द्वितीय और पिंक स्क्वायर तृतीय स्थान पर रहे। होटलों में एलएमबी को प्रथम स्थान मिला, जबकि शोरूम श्रेणी में मोती संस प्रथम, नंदकिशोर मेघराज द्वितीय, जेकेके ज्वैलर्स तृतीय और राजवेश को सांत्वना पुरस्कार मिला।
चयन समिति में 16 सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिनमें प्रमुख अधिकारी अलबेलीशरण, प्रभातीलाल बैरवा, प्रवीण बड़े भैया, अनवर शाह, कमला पारीक, और समन्वयक अधिकारी अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दुर्ग सिंह राजपुरोहित शामिल थे।