Saturday, 29 August 2026

राजस्थान ऑर्गेनिक राज्य बनने की राह पर, सिक्किम के बाद बन सकता है दूसरा जैविक राज्य


राजस्थान ऑर्गेनिक राज्य बनने की राह पर, सिक्किम के बाद बन सकता है दूसरा जैविक राज्य

राजस्थान जैविक कृषि में अग्रणी बनने की दिशा में एक बड़ा कदम उठा रहा है और सिक्किम के बाद भारत का दूसरा ऑर्गेनिक राज्य बनने की ओर बढ़ सकता है। राजस्थान के निवासी और सिक्किम के राज्यपाल ओमप्रकाश माथुर ने इस प्रयास में विशेष रुचि दिखाई है। इस दिशा में राजस्थान के 25 प्रमुख किसानों को चुना गया है, जो जैविक खेती में रुचि रखते हैं। इन किसानों को जैविक कृषि के गहन प्रशिक्षण के लिए आमंत्रित किया गया है।

रविवार को जैविक कृषि प्रशिक्षण कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन हुआ, जिसे अखिल भारतीय गौशाला परिषद और भारतीय जैविक किसान उत्पादक संघ के आग्रह पर आयोजित किया जा रहा है। परिषद के अंतर्राष्ट्रीय संयोजक डॉ. अतुल गुप्ता ने बताया कि उन्होंने भारत के पहले जैविक राज्य सिक्किम के राज्यपाल ओमप्रकाश माथुर से मुलाकात कर राजस्थान के किसानों के लिए प्रशिक्षण का आग्रह किया था, जिसे तुरंत स्वीकृति मिली।

राज्यपाल माथुर ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में सिक्किम के कृषि मंत्री, कृषि विश्वविद्यालय के प्रोफेसर और अन्य जैविक कृषि विशेषज्ञ शामिल होंगे। उन्होंने जैविक उत्पादों के विक्रय में आने वाली चुनौतियों को दूर करने के लिए एक केंद्रीय बाजार स्थल की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि किसान जैविक खेती की ओर अधिक आकर्षित हो सकें।

पोस्टर विमोचन कार्यक्रम के दौरान डॉ. अतुल गुप्ता के साथ अरुण खटोड़ और त्रिलोक खंडेलवाल भी उपस्थित रहे। राज्यपाल माथुर ने डॉ. गुप्ता द्वारा प्रस्तुत किए गए जैविक राष्ट्र के निर्माण के सुझावों की सराहना की और इसे देश में जैविक खेती के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

    Previous
    Next

    Related Posts