Saturday, 29 August 2026

मुख्यमंत्री शर्मा ने सामूहिक लक्ष्मी पूजन में कहा, "रामलला के मंदिर में पहली दीपावली ऐतिहासिक"


मुख्यमंत्री शर्मा ने सामूहिक लक्ष्मी पूजन में कहा, "रामलला के मंदिर में पहली दीपावली ऐतिहासिक"

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दीपावली के विशेष महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस बार का दीपोत्सव अद्वितीय है, क्योंकि यह अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद की पहली दीपावली है। मुख्यमंत्री ने जयपुर के चांदपोल बाजार में आयोजित सामूहिक लक्ष्मी पूजन समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेशवासियों के समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री शर्मा ने अपने "वोकल फॉर लोकल" अभियान के तहत स्ट्रीट वेंडर से मिट्टी के दीपक और पूजन सामग्री की खरीद की और ऑनलाइन भुगतान कर स्थानीय व्यापार को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि राज्य की खुशहाली में गांव, गरीब और किसान की समृद्धि का योगदान अहम है। अच्छी बारिश के कारण प्रदेश में फसलों की अच्छी पैदावार होने से किसान और गांव खुशहाल हैं।

मुख्यमंत्री शर्मा ने इस मौके पर बताया कि राज्य सरकार आगामी राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के लिए 18 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते कर चुकी है। उन्होंने व्यापारी वर्ग से इस सम्मेलन में भागीदारी का आह्वान किया, जो प्रदेश के आर्थिक विकास और रोजगार सृजन में सहायक होगा।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने विधिवत लक्ष्मी पूजन कर दीपोत्सव का शुभारम्भ किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, सांसद श्रीमती मंजू शर्मा, विधायक कालीचरण सराफ, श्री गोपाल शर्मा, बालमुकुन्दाचार्य, रफीक खान, अमीन कागजी, जयपुर हेरिटेज मेयर श्रीमती कुसुम यादव, जयपुर ग्रेटर मेयर डॉ. सौम्या गुर्जर, चांदपोल बाजार व्यापार मण्डल अध्यक्ष सुभाष गोयल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, व्यापार मण्डल के पदाधिकारी व आमजन मौजूद रहे।

Previous
Next

Related Posts