



जयपुर पुलिस ने बुधवार को अफ्रीका से आए पांच विदेशी नागरिकों को ड्रग्स बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया। डीसीपी (ईस्ट) तेजस्वनी गौतम ने बताया कि आरोपी शहर के कॉलेजों के पास कोकीन बेचने का काम कर रहे थे। पुलिस ने जगतपुरा के श्याम आंगन द्वितीय में स्थित फ्लैट पर छापा मारकर पांचों विदेशी नागरिकों को पकड़ा और उनके पास से 47 ग्राम कोकीन बरामद की।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान तंजानिया निवासी एमुनेअल (33) और एंटोनिया (37), मिस्र निवासी मोहम्मद (24), तथा केन्या निवासी पॉलीन वांजिकु (41) और प्रिसिला वाम्बुई (25) के रूप में हुई। ये सभी किराए पर फ्लैट लेकर जयपुर में रह रहे थे। तलाशी के दौरान पुलिस ने कोकीन के अलावा प्लास्टिक पैकिंग थैलियां और इलेक्ट्रिक कांटा भी जब्त किया।
सूचना के आधार पर डीएसटी और रामनगरिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने फ्लैट पर छापा मारा। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रुपयों के लालच में कॉलेजों के पास जाकर कोकीन बेचते थे। फिलहाल पुलिस ड्रग्स की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाने का प्रयास कर रही है।