



दीपावली के पावन अवसर पर प्रदेशभर में सुरक्षा के लिए पुलिस मुख्यालय ने विशेष निर्देश जारी किए हैं। पुलिस मुख्यालय ने त्योहार के दौरान सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के आदेश दिए हैं। राजधानी जयपुर सहित पूरे राजस्थान में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
सुरक्षा पर विशेष सतर्कता
पुलिस मुख्यालय ने केंद्र से मिले इनपुट के आधार पर अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे राजस्थान में सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश दिए हैं। होटल, गेस्ट हाउस, एयरपोर्ट, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर चौकसी बढ़ा दी गई है। हर जिले में विशेष नाकाबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही है। हर जिले को अतिरिक्त जाब्ता भी उपलब्ध कराया गया है ताकि सौहार्द बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।
राजधानी जयपुर में विशेष इंतजाम
लॉ एंड ऑर्डर एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि जयपुर में दिवाली के दौरान सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। पुलिस कमिश्नरेट की ओर से सभी पुलिस उपायुक्तों को अतिरिक्त जाब्ता दिया गया है। शहर के प्रमुख बाजारों में सादा वर्दी में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं ताकि भीड़ में भी सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे। सरकारी इमारतों और बाजारों में लगे सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरों से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
शांति व्यवस्था के लिए पुलिस का सख्त रुख
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए थानों के साथ आरएसी, हाडी रानी बटालियन, क्यूआरटी और होमगार्ड के जवान तैनात हैं। त्योहार के दौरान शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों से पुलिस सख्ती से निपटेगी।