



कांग्रेस द्वारा गाय के नाम पर राजनीति करने के आरोपों पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने आज जोरदार पलटवार किया। उन्होंने कहा, "पहले कांग्रेस का चुनाव चिन्ह दो बैलों की जोड़ी था, लेकिन हिंदुओं की भावनाओं को खरीदने के लिए उन्होंने गाय-बछड़े को अपना चुनाव चिन्ह बना लिया। बाद में गौ हत्यारे कांग्रेस में शामिल हुए, तो उन्होंने अपना चुनाव चिन्ह बदलकर हाथ का पंजा रख लिया। अब आप ही बताइए, गाय के नाम पर राजनीति कौन कर रहा है—हम या कांग्रेस?"
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उन्हें अपनी पार्टी के इतिहास और कार्यों पर ध्यान देना चाहिए। "गाय की आड़ में राजनीतिक लाभ लेने का काम कांग्रेस ने किया और अब वे हमें दोषी ठहरा रहे हैं, जो कि निंदनीय है," उन्होंने कहा।
गौशालाओं का अनुदान भाजपा की देन
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि गाय की रक्षा सिर्फ धार्मिक कारणों से नहीं, बल्कि ये सभी के लिए लाभकारी है। भाजपा का उद्देश्य गाय के महत्व को किसान और आमजन तक पहुंचाना है। भैरों सिंह शेखावत के कार्यकाल में पहली बार गौशालाओं को अनुदान शुरू हुआ, जिसे वसुंधरा राजे की सरकार ने आगे बढ़ाया और वर्तमान भजनलाल सरकार इस पर काम कर रही है।
पूर्व विधायक देवेंद्र कटारा की घर वापसी
इस दौरान भाजपा प्रदेश कार्यालय में डूंगरपुर से पूर्व विधायक देवेंद्र कटारा ने फिर से भाजपा जॉइन की। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया, "कुछ दिनों पहले चौरासी विधानसभा के दौरे के दौरान उनसे संपर्क किया और उन्होंने तुरंत पार्टी में लौटने का निर्णय लिया।" कटारा ने इस मौके पर कहा कि वे पार्टी को चौरासी विधानसभा में जीत दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।