Saturday, 29 August 2026

सीकर में एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई, हथियार के साथ युवक गिरफ्तार


सीकर में एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई, हथियार के साथ युवक गिरफ्तार

एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) और सीकर जिले की उद्योग नगर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए नवलगढ़ रोड पर अवैध हथियार के साथ घूम रहे युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी विकास कुमार स्वामी (24), निवासी हरडिया थाना बबाई जिला नीमकाथाना, के पास से पुलिस ने एक देशी पिस्टल, मैगजीन और 6 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। एजीटीएफ के अतिरिक्त महानिदेशक दिनेश एमएन ने बताया कि युवक किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।

पुलिस को सूचना मिली थी कि काले हाफ पैंट और बनियान पहने एक युवक हथियार के साथ नवलगढ़ रोड से मयूर गार्डन की तरफ घूम रहा है। एजीटीएफ के निर्देश पर उद्योग नगर थाना पुलिस ने युवक को पकड़ने का प्रयास किया, जिसमें आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से एक अवैध पिस्टल और 6 जिंदा कारतूस मिले।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हथियार उत्तर प्रदेश से लेकर आया था। पुलिस टीम अब इस मामले में उसके पिछले आपराधिक रिकॉर्ड और हथियार लाने के मकसद की जांच कर रही है।

इस कार्रवाई में एजीटीएफ की टीम, जिसमें प्लाटून कमांडर सोहन सिंह, हैड कांस्टेबल सनी कुमार जांगिड़ और कांस्टेबल मनोज कुमार शामिल थे, ने विशेष भूमिका निभाई। उद्योग नगर थाना पुलिस के सहयोग से यह गिरफ्तारी संभव हुई।

Previous
Next

Related Posts