



दीपावली के त्योहार के दौरान मावा की मांग बढ़ने पर मिलावटखोरी के मामलों पर जयपुर सीएमएचओ की टीम ने कड़ी कार्रवाई की। सोमवार सुबह जयपुर सीकर रोड पर जोड़ला की ढाणी स्थित मावा फैक्ट्री में छापा मारकर 200 किलोग्राम मिलावटी मावा और 250 किलोग्राम मिल्क पाउडर का घोल मौके पर ही नष्ट करवाया गया। इसके अलावा 125 किलोग्राम मिल्क पाउडर का स्टॉक सीज किया गया, जिसे आगे मावा बनाने में इस्तेमाल किया जाना था।
जयपुर सीएमएचओ डॉ. विजय सिंह फौजदार ने बताया कि त्योहार पर मावा की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए मिल्क पाउडर और ऑयल मिलाकर मिलावटी मावा तैयार किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान, प्रहलाद जाट की फैक्ट्री में मिल्क पाउडर का उपयोग मावा बनाने में हो रहा था। सभी उत्पादों के सैंपल लिए गए और जांच के लिए लैब भेजे गए हैं।
इसके अतिरिक्त चौमूं के पास चिथवाड़ी में भी मावा बनाने वाले कई उत्पादकों के यहां सर्च अभियान चलाया गया। इसमें विजय इंटरप्राइजेज, गोगोरियों की ढाणी के शंकर दूध मावा पनीर भंडार, कविराज साधु राम, रोडाराम शर्मा और घटवाड़ा स्थित आर.बी. मावा भंडार शामिल थे। सभी जगह से मावा और दूध के सैंपल लिए गए हैं।
डॉ. फौजदार ने स्पष्ट किया कि मावा केवल मानक स्तर के दूध से तैयार करना अनिवार्य है। मिल्क पाउडर से मावा बनाने की अनुमति नहीं है, क्योंकि उसमें आवश्यक फैट नहीं होता है जिससे गुणवत्ता प्रभावित होती है।