Saturday, 29 August 2026

राजस्थान विधानसभा उपचुनाव 2024: 7 विधानसभा क्षेत्रों में 3,193 मतदाता करेंगे घर से मतदान


राजस्थान विधानसभा उपचुनाव 2024: 7 विधानसभा क्षेत्रों में 3,193 मतदाता करेंगे घर से मतदान

राजस्थान विधानसभा उपचुनाव-2024 के तहत 7 विधानसभा क्षेत्रों में 3,193 मतदाता इस बार घर से मतदान करेंगे। इनमें 2,365 वरिष्ठ नागरिक (85 वर्ष से अधिक आयु) और 828 दिव्यांग मतदाता शामिल हैं, जो पोस्टल बैलट के माध्यम से अपने घर पर ही वोट डालेंगे। यह मतदान प्रक्रिया 4 नवंबर से 10 नवंबर तक दो चरणों में संपन्न होगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने जानकारी दी कि 85 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों और 40% से अधिक दिव्यांगता वाले मतदाताओं को उनकी सहमति से होम वोटिंग की सुविधा दी जाती है। होम वोटिंग के समय संबंधित राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों के प्रतिनिधि भी मतदान दल के साथ उपस्थित रहेंगे। यदि किसी कारण से मतदाता पहले निर्धारित समय पर उपलब्ध नहीं होते हैं, तो मतदान दल 9 और 10 नवंबर को एक और प्रयास करेंगे।

राजस्थान विधानसभा आम चुनाव-2023 के दौरान भी रामगढ़, दौसा, देवली-उनियारा, झुंझुनू, खींवसर, सलूम्बर, और चौरासी विधानसभा क्षेत्रों में 1,862 मतदाताओं ने होम वोटिंग का लाभ उठाया था। इस बार इन क्षेत्रों में ईवीएम के माध्यम से मतदान 13 नवंबर को होगा और मतगणना 23 नवंबर को आयोजित की जाएगी।

Previous
Next

Related Posts