



जयपुर के बहादुर नगर इलाके में एक अनोखे चोरी के मामले में पुलिस ने एक युवक और उसकी महिला साथी को गिरफ्तार किया है। युवती सानिया की मदद से आरोपी युवक हरीश ने महिला के भेष में व्यापारी गौरव जैन के घर से लाखों के गहने चुराए।
डीसीपी ईस्ट तेजस्वी गौतम ने बताया कि 24 सितंबर को व्यापारी गौरव जैन ने बहादुर नगर स्थित अपने घर E-62 में चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। चोरी में ज्वेलरी के डिब्बे से 4 सोने के कड़े, तीन अंगूठियां, 3 सोने की चेन और चांदी के सिक्के सहित लगभग 3.25 लाख रुपये के गहने चोरी हुए थे।
पुलिस ने मामले की जांच के लिए 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आसपास के लोगों से पूछताछ की। फुटेज में एक महिला दिखाई दी, लेकिन उसकी चाल और शरीर की बनावट से संदेह हुआ कि वारदात को किसी पुरुष ने महिला के भेष में अंजाम दिया है। इस पर पुलिस ने पीड़ित की मां को मसाज देने वाली लड़की सानिया को पूछताछ के लिए बुलाया।
जांच में खुलासा हुआ कि सानिया का हरीश नाम के व्यक्ति से 7-8 साल पुराना रिश्ता था और उसने हरीश को चोरी का सुझाव दिया था। सानिया ने हरीश को घर की जानकारी दी और महिला का भेष बनाने के लिए नकली बाल (विग), चप्पल, लेडिज प्लाजो और कुर्ता खरीदवाया। चोरी के गहने पुलिस ने आरोपियों से बरामद कर लिए हैं। हरीश को कोर्ट में पेश किया गया और पुलिस ने आरोपियों से और भी खुलासे की उम्मीद जताई है।