Saturday, 29 August 2026

जयपुर के श्याम नगर में बुजुर्ग की हत्या के मामले में आरोपी गिरफ्तार, पैसे नहीं देने पर ईंट से की हत्या


जयपुर के श्याम नगर में बुजुर्ग की हत्या के मामले में आरोपी गिरफ्तार, पैसे नहीं देने पर ईंट से की हत्या

श्याम नगर में हुए बुजुर्ग रामनाथ बैरवा की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी धर्मसिंह महावार (30) को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने बुजुर्ग से शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे, लेकिन बुजुर्ग द्वारा पैसे देने से मना करने और गाली-गलौज कर भगा देने पर उसने गुस्से में आकर ईंट से उनके सिर पर वार कर दिया। इसके बाद आरोपी बुजुर्ग की जेब से पैसे निकालकर शराब पीने चला गया। सिर पर चोट लगने और अत्यधिक खून बहने से बुजुर्ग की मौत हो गई थी।

डीसीपी साउथ दिगंत आनंद ने बताया कि 20 अक्टूबर को अजमेर रोड के 200 फीट चौराहे पर एक बुजुर्ग की खून से सनी हुई बॉडी मिली थी, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या का शक हुआ। मृतक की पहचान श्योपुर सवाई माधोपुर निवासी रामनाथ बैरवा के रूप में हुई। मृतक के जीजा ओमप्रकाश ने 21 अक्टूबर को अज्ञात बदमाश के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई थी।

पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और फुटपाथ पर सोने वाले लोगों से पूछताछ कर आरोपी का पता लगाया। एडिशनल डीसीपी ललित किशोर शर्मा की मॉनिटरिंग में एसीपी सोडाला योगेश चौधरी और श्याम नगर सीआई दलवीर सिंह की टीम ने आरोपी धर्मसिंह महावार की पहचान की और उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध कबूल किया, जिसके बाद उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। इस पूरे ऑपरेशन में कॉन्स्टेबल राजीव कुमार और राजेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान की।

Previous
Next

Related Posts