मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल और चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देश पर चलाए जा रहे मिलावट के खिलाफ अभियान के तहत मंगलवार को विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की गई। खाद्य आयुक्त इकबाल खान के नेतृत्व में अति आयुक्त पंकज ओझा ने किशनगढ़ रेनवाल की कृषि उपज मंडी में निरीक्षण किया और नकली होने के संदेह पर 7,650 किलो सरसों का स्टॉक सीज किया।
सरसों का स्टॉक: 125 बोरी में भरी हुई लगभग 7,650 किलो सरसों का नमूनीकरण करने के बाद सीज किया गया। यह सरसों प्राथमिक तौर पर मिट्टी से बनी हुई प्रतीत हो रही थी। नमूने को खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला जयपुर में भेजा गया है, और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घी का स्टॉक: जिला कलेक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी द्वारा गठित खाद्य सुरक्षा टीम ने नीरज मार्केटिंग कंपनी, सूरजपोल मंडी से 1,244 किलोग्राम घी सन्देह के आधार पर सीज किया।
खराब चाशनी: खाद्य सुरक्षा दल ने शिव शक्ति मिष्ठान भंडार, अग्रवाल कैटर्स, आरडी पेठेवाला और श्री राम स्वीट्स रामगंज से मिठाई के नमूने लिए। आरडी पेठे वाले के यहां से लगभग 100 किलो खराब चाशनी भी नष्ट की गई।
दुकानदारों के लिए दिशा-निर्देश:दुकानदारों को दीपावली के दौरान अपने स्टॉक्स में साफ-सफाई बनाए रखने और गुणवत्तायुक्त उत्पाद तैयार करने के लिए विशेष दिशा-निर्देश दिए गए।