



राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के अंतर्गत आयोजित हो रहे एमएसएमई कॉन्क्लेव में लघु उद्योग भारती (एलयूबी) को ऑफिशियल पार्टनर बनाया गया है। इस मौके पर लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उद्योग मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस समिट के माध्यम से देश-विदेश से आने वाले निवेश प्रस्तावों से प्रदेश में रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे।
ओझा ने बताया कि 11 दिसंबर को जयपुर में आयोजित होने वाले इस एमएसएमई कॉन्क्लेव में 5,000 से अधिक उद्यमी भाग लेंगे। राष्ट्रीय सचिव नरेश पारीक ने बताया कि प्रदेश में अधिक निवेश के लिए एमओयू करवाने की दिशा में संगठन सक्रिय है।

प्रदेश अध्यक्ष शांतिलाल बालड़ ने बताया कि संगठन की सभी इकाइयां और स्थानीय जिला उद्योग केंद्र पूरी तरह समन्वय में हैं। उन्होंने ‘रिप्स 2024’ इंडस्ट्री फ्रेंडली पॉलिसी जारी करने के लिए राज्य सरकार का धन्यवाद भी किया।
कॉन्क्लेव के आयोजक सचिव महेंद्र मिश्रा ने बताया कि बैठक में विभिन्न समितियों का गठन हुआ और लघु उद्योग भारती के कौशल विकास केंद्र का लोकार्पण भी 11 दिसंबर को किया जाएगा। इस अवसर पर कॉन्क्लेव पर आधारित पोस्टर का विमोचन भी किया गया।
लघु उद्योग भारती देशभर में 981 इकाइयों और 60,000 से अधिक सदस्यों के साथ सूक्ष्म और लघु उद्योगों का सबसे बड़ा संगठन है, जिसमें राजस्थान में 161 इकाइयों और 11,500 सदस्य शामिल हैं।