



राजस्थान के कई जिलों में अचानक मौसम ने करवट बदली। जयपुर, भरतपुर, जालोर और बाड़मेर में सोमवार को अचानक मौसम बदला। भरतपुर में दोपहर 2:45 बजे के करीब तेज हवा और बारिश शुरू हो गई। कई इलाकों में छोटे आकार के ओले भी गिरे। करीब 20 मिनट तक बारिश और गरज के साथ मौसम ठंडा हो गया। जयपुर शहर में भी दोपहर 3 बजे से 15 मिनट तक गरज और तेज हवा के साथ बारिश हुई।
जालोर जिले में भी दोपहर 3 बजे से 30 मिनट तक तेज बारिश और 40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही हवाओं ने सड़कों पर पानी भर दिया। बाड़मेर के ग्रामीण इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे कई जगह पेड़ टूट कर गिर गए।
मौसम विभाग ने बताया कि स्थानीय स्तर पर बने वेदर सिस्टम के कारण यह बदलाव हुआ है और प्रदेश के कई जिलों में आज भी बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश की संभावना है।