



जयपुर में शादी के महज चार दिन बाद ही नई नवेली दुल्हन के गहने लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। दूल्हे की मां ने एयरपोर्ट थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि शादी के एवज में तीन लाख रुपए लिए गए थे।
एएसआई लटूर प्रसाद ने बताया कि जगतपुरा निवासी 47 साल की महिला ने अपने बेटे की शादी के लिए प्रताप नगर में रहने वाले कौशल जैन से संपर्क किया था। कौशल ने बिहार के एक गरीब परिवार की लड़की से शादी करवाने की बात कही और 3 लाख रुपए की मैरिज डील कर शादी करवाने का आश्वासन दिया।
दिसंबर 2023 में शादी हुई, लेकिन शादी के चार दिन बाद दुल्हन गहने लेकर फरार हो गई। दुल्हन ने भागने से पहले दूल्हे को बताया कि उसे पैसों का लालच देकर शादी के लिए तैयार किया गया था और शादी में मौजूद उसके माता-पिता भी फर्जी थे।