



अजमेर के किशनगढ़ एयरपोर्ट पर शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब स्टार एयरलाइंस के एक विमान में बम होने की सूचना मिली। एयरलाइंस के सिक्योरिटी इंचार्ज साजिद खान को दोपहर 14:08 बजे मोबाइल पर धमकी भरा संदेश मिला, जिसके तुरंत बाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित कर दी गई और सभी सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया।
बम निरोधक दस्ते (बीडीटीएस) ने विमान की सघन जांच की, जिसमें किसी भी प्रकार की विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। जांच पूरी होने के बाद शाम 4:55 बजे बीडीटीएस ने विमान को सुरक्षित घोषित कर दिया और एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने शाम 5:24 बजे इमरजेंसी हटाकर सामान्य संचालन बहाल कर दिया। विमान को पुणे के लिए उड़ान भरने की अनुमति दी गई।
नागरिक सुरक्षा टीम और पुलिस बल के संयुक्त प्रयासों से स्थिति को जल्दी ही नियंत्रण में लाया गया। टीम में गजेन्द्र सिंह राजावत, प्रेम सिंह रावत, कृष्ण मुरारी तिवारी, परमजीत कौर और गाँधीनगर थाना पुलिस के जवान शामिल थे।
