Saturday, 29 August 2026

आरओ और ईओ भर्ती पेपर लीक मामले में एसओजी की बड़ी कार्रवाई, 28 आरोपी हिरासत में


आरओ और ईओ भर्ती पेपर लीक मामले में एसओजी की बड़ी कार्रवाई, 28 आरोपी हिरासत में

राजस्थान में राजस्व अधिकारी (आरओ) और अधिशाषी अधिकारी (ईओ) भर्ती परीक्षा 2022 के पेपर लीक मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीम ने 7 जिलों में एक साथ छापेमारी कर 28 आरोपियों को हिरासत में लिया है। यह छापेमारी नागौर, जोधपुर, चूरू, हनुमानगढ़, सीकर, जयपुर और बीकानेर में की गई, जहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से 30 स्थानों पर दबिश दी गई।

एसओजी एडीजी वीके सिंह ने बताया कि आरपीएससी द्वारा 14 मई 2023 को आयोजित भर्ती परीक्षा में सिलेक्ट हुए कुछ कैंडिडेट्स की डॉक्युमेंट जांच में गड़बड़ियां मिली थीं, जिसके बाद संदिग्ध अभ्यर्थियों को दोबारा सत्यापन के लिए बुलाया गया। नागौर के खजवाना गांव से 6 कैंडिडेट्स की संलिप्तता पाई गई, जिन्हें परीक्षा के बारे में सामान्य जानकारी भी नहीं थी।

एसओजी की जांच में सामने आया कि तुलछाराम कालेर और उसकी गैंग ने पेपर लीक किया था और ब्लूटूथ के जरिए कैंडिडेट्स को नकल करवाई थी। इस मामले में कुल 28 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जिनमें 12 कैंडिडेट्स और तुलछाराम की पत्नी भावना गोस्वामी भी शामिल हैं। भावना गोस्वामी को जोधपुर से गिरफ्तार किया गया है।

बीकानेर में 7 और नागौर के खजवाना से 7 आरोपियों को डिटेन किया गया है, जिनमें राम सिंह और सुनील कुमार शामिल हैं। एसओजी ने ब्यावर जिले में भी कार्रवाई की, जहां कोर्ट में पोस्टेड 3 कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया।

यह पेपर लीक मामला प्रदेश में सरकारी परीक्षाओं की विश्वसनीयता को लेकर एक गंभीर सवाल खड़ा कर रहा है। एसओजी की टीम अब इन आरोपियों से पूछताछ कर मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Previous
Next

Related Posts