Saturday, 19 October 2024

खाटूश्यामजी पुजारी सेवक महासंघ का प्रांतीय अधिवेशन आयोजित, पुजारियों की मांगों पर किया मंथन


खाटूश्यामजी पुजारी सेवक महासंघ का प्रांतीय अधिवेशन आयोजित, पुजारियों की मांगों पर किया मंथन

खाटूश्यामजी की जयपुर वालों की धर्मशाला में पुजारी सेवक महासंघ का प्रांतीय अधिवेशन आयोजित किया गया। इस अधिवेशन में उज्जैन महाकाल मंदिर के महेश पुजारी, लोहार्गल के सूर्य मंदिर के महंत अवधेशाचार्य महाराज, पलसाना महंत मनोहर शरण शास्त्री और राजेन्द्र दास महाराज,खाटू श्याम जी मंदिर के महंत मोहन दास महाराज सहित कई संत महात्माओं की उपस्थिति रही। अधिवेशन का मुख्य उद्देश्य पुजारियों की विभिन्न मांगों पर विचार-विमर्श करना था।

पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती ने संगठन की ताकत पर जोर देते हुए कहा कि पुजारी और सेवक जब तक संगठित नहीं होंगे, वे अपनी मांगों को मजबूती से नहीं उठा सकेंगे। उन्होंने केंद्र सरकार की धार्मिक भावना के समर्थन की भी बात की। हवामहल विधायक बालमुकुंदाचार्य ने सभी पुजारियों को अपने रजिस्ट्रेशन तहसील स्तर पर करवाने की सलाह दी।

अधिवेशन में सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने पुजारी महासंघ को एकजुट रहने का आह्वान किया। विधानसभा अध्यक्ष के ओएसडी प्रमोद शर्मा ने केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा सनातन धर्म को बढ़ावा देने के प्रयासों का उल्लेख किया। पूर्व आईजी हरिप्रसाद शर्मा ने पुजारी हितों के लिए संयुक्त प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

इस दौरान महासंघ ने पुजारियों के हितों की सुरक्षा और मंदिरों की परंपराओं की रक्षा के लिए 11 प्रमुख मांगें सरकार के समक्ष रखी। इनमें राजस्व विभाग के 1991 के परिपत्र को निरस्त करने, पुजारी प्रोटेक्शन बिल, सनातन बोर्ड और पुजारी कल्याण बोर्ड के गठन की मांगें प्रमुख रहीं। साथ ही खाटूश्यामजी मास्टर प्लान 2021-2041 को रद्द करने और पुजारियों को न्यूनतम ₹30,000 प्रति माह मानदेय देने की मांग भी की गई।

अधिवेशन में पूर्व विधायक रतन जलधारी, पूर्व जिलाध्यक्ष महेश शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल सिखवाल, सालासर के भंवरलाल पुजारी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सुरेश शर्मा, रींगस नगरपालिका उपाध्यक्ष अमित शर्मा, पूर्व सरपंच बंशीधर शर्मा, पूर्व व्याख्याता कैलाश चन्द्र शर्मा, आत्माराम महंत, सांवरमल माटोलिया, कालूराम, स्वामी, रामगोपाल शर्मा श्याम कुंड, चन्द्र प्रकाश भाड़ेवाला आदि मौजूद रहे।

    Previous
    Next

    Related Posts