



दिल्ली से जयपुर और जयपुर से दिल्ली यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राजस्थान रोडवेज़ ने नई सौगात दी है। रोडवेज़ ने 8 नई टू वाई टू एसी लग्जरी बसें शुरू की हैं, जो यात्रियों को कम किराए में आरामदायक सफर की सुविधा देंगी।
राजस्थान रोडवेज़ की चेयरमैन श्रीमती शुभ्रा सिंह के निर्देशानुसार 17 अक्टूबर से आईएसबीटी कश्मीरी गेट से दिल्ली-जयपुर मार्ग पर इन नई बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है। गुरुवार को कश्मीरी गेट पर दिल्ली आगार के मुख्य प्रबंधक श्री पुलकित कुमार ने बस के चालक और परिचालक का माला पहनाकर स्वागत किया।
अब यात्रियों को राजस्थान रोडवेज़ की नॉनस्टॉप एसी लग्जरी बस सेवा के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इन नई बसों के संचालन से हर 1.5 घंटे के अंतराल पर बस सेवा उपलब्ध होगी। इन बसों का किराया केवल 540 रुपये रखा गया है, जबकि महिलाओं के लिए यह किराया 392 रुपये निर्धारित किया गया है।