



जयपुर वाल्मीकि जयंती के अवसर पर किशनपोल विधानसभा क्षेत्र के बालानन्द जी के रास्ते में महाऋषि वाल्मीकि जी की प्रतिमा का अनावरण और विद्यालय भवन के पुनर्निर्माण कार्य का लोकार्पण पूर्व सांसद रामचरण बोहरा के नेतृत्व में हुआ। यह विद्यालय भवन उनके सांसद कोष से स्वीकृत 20 लाख रुपए की सहायता से पुनर्निर्मित किया गया है।
कार्यक्रम में जयपुर सांसद मंजू शर्मा और जयपुर नगर निगम हेरिटेज की महापौर कुसुम यादव भी मौजूद रहीं। रामचरण बोहरा ने कहा कि महाऋषि वाल्मीकि का जीवन हमें परिवर्तन और ज्ञान प्राप्ति की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का हमारे जीवन में अत्यधिक महत्व है, और इस विद्यालय भवन के पुनर्निर्माण से विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही हम एक शिक्षित और विकसित राष्ट्र की कल्पना को साकार कर सकते हैं।
इस अवसर पर पूर्व महापौर ज्योति खंडेलवाल, मंडल अध्यक्ष हेमंत चौहान, नंदकिशोर दंडोरिया, मनोज चौहान और स्थानीय नागरिक भी उपस्थित थे।