Saturday, 29 August 2026

पुलिस शहीद दिवस पर 21 अक्टूबर को आरपीए में राज्य स्तरीय कार्यक्रम, शहीद पुलिसकर्मियों को दी जाएगी श्रद्धांजलि


पुलिस शहीद दिवस पर 21 अक्टूबर को आरपीए में राज्य स्तरीय कार्यक्रम, शहीद पुलिसकर्मियों को दी जाएगी श्रद्धांजलि

पुलिस शहीद दिवस के अवसर पर 21 अक्टूबर को राजस्थान पुलिस अकादमी (आरपीए) में शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम आरपीए स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित होगा, जहां पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) उत्कल रंजन साहू गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी लेंगे और शहीदों को पुष्प चक्र अर्पित करेंगे। इस कार्यक्रम में पिछले एक वर्ष में शहीद हुए देशभर के पुलिस अधिकारियों और कार्मिकों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।

अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) पुलिस, प्रशासन एवं कानून व्यवस्था विशाल बंसल ने बताया कि इस अवसर पर पुलिस आयुक्तालय और आरएसी की चौथी और पांचवीं बटालियन की एक-एक प्लाटून परेड में शामिल होंगी। शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद आरपीए में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर और स्वच्छता अभियान का आयोजन होगा।

सभी जिला मुख्यालयों पर भी पुलिस शहीद दिवस के अवसर पर विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम और गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक जिला मुख्यालय में पुलिस लाइनों में स्वैच्छिक रक्तदान और सफाई कार्यक्रमों के साथ शहीदों की स्मृति में वृक्षारोपण भी किया जाएगा। वृक्षारोपण के दौरान शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को पौधारोपण का सम्मान दिया जाएगा और पौधों पर शहीदों के नाम की पट्टिकाएं लगाई जाएंगी।

जिला स्तरीय कार्यक्रमों में राजस्थान पुलिस की सभी ब्रांच और यूनिट्स के पुलिस कार्मिक शामिल होंगे, जिसमें आरएसी, ट्रेनिंग सेंटर, जोन ऑफिस और रेंज सैल के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहेंगे।

    Previous
    Next

    Related Posts