Saturday, 29 August 2026

परिवहन शासन सचिव शुचि त्यागी का औचक निरीक्षण, आरटीओ जयपुर प्रथम में सेवाओं की पारदर्शिता और समयबद्धता पर जोर


परिवहन शासन सचिव शुचि त्यागी का औचक निरीक्षण, आरटीओ जयपुर प्रथम में सेवाओं की पारदर्शिता और समयबद्धता पर जोर

परिवहन शासन सचिव श्रीमती शुचि त्यागी ने आज झालाना डूंगरी स्थित आरटीओ जयपुर प्रथम कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। सुबह 9:20 बजे कार्यालय पहुंची सचिव ने टैक्सी शाखा, गैर परिवहन शाखा, लाइसेंस निर्माण, और लर्निंग लाइसेंस सेक्शन का गहन निरीक्षण किया और आमजन से जुड़े कार्यों की प्रगति का अवलोकन किया। उन्होंने लाइसेंस निर्माण, वाहनों के पंजीयन और नाम हस्तांतरण की प्रक्रिया का निरीक्षण करते हुए आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।

निरीक्षण के दौरान श्रीमती त्यागी ने व्यावसायिक वाहनों के पंजीयन और बाहरी राज्यों से आए वाहनों के पंजीयन फाइलों का अवलोकन किया और फाइलों की पेंडेंसी में कमी पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया की बारीकियों को समझते हुए बताया कि 95 प्रतिशत आवेदन ऑनलाइन प्राप्त हो रहे हैं, जिससे आमजन को अधिक सुविधा मिल रही है।

श्रीमती त्यागी ने विभाग की 7 फेसलेस सेवाओं के प्रचार-प्रसार का निर्देश देते हुए कहा कि लोगों को बिना कार्यालय आए ही ऑनलाइन सेवाओं का लाभ मिलना चाहिए, जिससे समय की बचत हो और उन्हें कार्यालय के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने सभी कार्यों में पारदर्शिता लाने और दलालों की भूमिका खत्म करने पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही, कार्यालय में जनता के सुझाव आमंत्रित करने का भी आश्वासन दिया।

इस निरीक्षण के दौरान आरटीओ प्रथम राजेंद्र सिंह शेखावत और अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Previous
Next

Related Posts