Saturday, 29 August 2026

परिवहन शासन सचिव ने आरटीओ जयपुर प्रथम झालाना डूंगरी का किया औचक निरीक्षण, सेवाओं में सुधार के निर्देश


परिवहन शासन सचिव ने आरटीओ जयपुर प्रथम झालाना डूंगरी का किया औचक निरीक्षण, सेवाओं में सुधार के निर्देश

राजस्थान की परिवहन शासन सचिव शुचि त्यागी ने गुरुवार को प्रातः 9:20 बजे झालाना डूंगरी स्थित प्रादेशिक परिवहन कार्यालय (आरटीओ) जयपुर प्रथम का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने टैक्सी शाखा, गैर परिवहन शाखा, लाइसेंस निर्माण और लर्निंग लाइसेंस सेक्शन सहित विभिन्न शाखाओं का गहन अवलोकन किया। इस दौरान शासन सचिव ने आमजन से जुड़े कार्यों को बारीकी से देखा और वाहन पंजीयन, पंजीयन नवीनीकरण, नाम हस्तांतरण, और लर्निंग लाइसेंस बनाने की प्रक्रियाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान शासन सचिव त्यागी ने बाहरी राज्यों से राजस्थान में आने वाले वाहनों के पंजीयन की प्रक्रिया का भी अवलोकन किया और संबंधित फाइलों का बारीकी से अध्ययन किया। फाइलों की पेंडेंसी कम होने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया और अधिकारियों से कार्यप्रणालियों पर सवाल-जवाब किए।

गैर परिवहन शाखा में दुपहिया और चौपहिया वाहनों के पंजीयन व नवीकरण की प्रक्रियाओं की जांच करते हुए उन्होंने ऑनलाइन पोर्टल पर आ रही समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। लर्निंग लाइसेंस सेक्शन में उन्होंने बताया कि वर्तमान में 95% लर्निंग लाइसेंस ऑनलाइन बनाए जा रहे हैं, और मात्र 5% आवेदन ही ऑफलाइन आते हैं।

शासन सचिव ने कहा कि विभाग की सात प्रमुख सेवाएं फेसलेस हो चुकी हैं, जिससे लोग बिना कार्यालय आए ऑनलाइन ही अपनी सेवाएं प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि इन सेवाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाए और कार्यालय में इसका डिस्प्ले भी किया जाए, ताकि लोग अनावश्यक चक्कर न लगाएं।

शुचि त्यागी ने कहा कि कामकाज में पारदर्शिता लाना और बिना किसी बिचौलिए के आमजन के कार्य पूरा करना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने आमजन के कार्यों को समयबद्ध तरीके से संपन्न करने के निर्देश भी दिए। शासन सचिव ने इस अवसर पर आमजन से सुझाव भी आमंत्रित किए।

इस निरीक्षण के दौरान जयपुर आरटीओ प्रथम के प्रभारी राजेंद्र सिंह शेखावत और अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

    Previous
    Next

    Related Posts