



जयपुर में आयोजित नेशनल सीए कॉन्फ्रेंस में डायरेक्टर सीए प्रकाश शर्मा ने बताया कि अगले साल 2025 में नया डायरेक्ट टैक्स कोड आने वाला है, जिसकी घोषणा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पहले ही कर दी है। कॉन्फ्रेंस के दौरान देशभर से आए चार्टर्ड एकाउंटेंट्स से नए डायरेक्ट टैक्स कोड के संबंध में सुझाव मांगे जा रहे हैं। इन सुझावों को संकलित कर केंद्रीय वित्त मंत्रालय को भेजा जाएगा, ताकि नए डायरेक्ट टैक्स कोड के प्रावधानों को इन्हीं आधारों पर तय किया जा सके।
सीए प्रकाश शर्मा ने कहा कि इस नए कोड का उद्देश्य टैक्स ढांचे को सरल और कारगर बनाना है, जिससे टैक्स प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और आसान बनाया जा सके। कॉन्फ्रेंस में टैक्स संबंधी जटिलताओं, करदाताओं की सहूलियत और कर ढांचे की पारदर्शिता जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हो रही है।
सीए कॉन्फ्रेंस में कई अनुभवी चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ने टैक्स रिफॉर्म्स पर अपने विचार प्रस्तुत किए और बताया कि डायरेक्ट टैक्स कोड के अपडेट से न केवल करदाताओं को लाभ मिलेगा बल्कि सरकार की राजस्व प्रणाली भी मजबूत होगी।