



मुंबई महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। पुलिस के अनुसार इस हमले की जिम्मेदारी कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। हत्या के मामले में पुलिस ने अब तक दो शूटरों को गिरफ्तार किया है, जबकि हत्या में शामिल तीसरे आरोपी की पहचान भी कर ली गई है। तीसरे आरोपी का नाम शिवा बताया गया है, जिसने पुणे में स्क्रैप डीलर के रूप में काम किया है।
गिरफ्तार शूटरों में 23 वर्षीय गुरमैल बलजीत सिंह हरियाणा का रहने वाला है, जबकि दूसरा शूटर 19 वर्षीय धर्मराज कश्यप उत्तर प्रदेश का निवासी है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे के मकसद और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी हासिल की जा सके। इस हत्याकांड ने महाराष्ट्र में सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, और पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
