



बगरु के शिव वाटिका क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक घटना में पति ने अपनी पत्नी की पीट-पीट कर हत्या कर दी। घरेलू विवाद के बाद हुई इस घटना में बगरु थाना पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से सबूत इकट्ठा किए हैं और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बगरु सीएचसी की मॉर्च्युरी में भेज दिया है।
बगरु थानाधिकारी मोती लाल शर्मा ने बताया कि रायबरेली, उत्तर प्रदेश की रहने वाली 30 वर्षीय मोनी अपने पति रामबाबू और चार बच्चों के साथ शिव वाटिका में किराए के मकान में रहती थी। दोनों पति-पत्नी दिहाड़ी मजदूरी का काम करते थे। गुरुवार रात करीब 11:30 बजे घरेलू बात पर हुए झगड़े में गुस्साए पति रामबाबू ने मोनी के साथ जमकर मारपीट की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बगरु थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए। आरोपी रामबाबू को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।