



जयपुर के मानसरोवर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक तेज रफ्तार थार गाड़ी ने सड़क किनारे खड़ी एक महिला और दो बच्चों को कुचल दिया, जिससे तीनों की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में 30 वर्षीय महिला दीपमाला, उसकी ढाई साल की बेटी अर्पिता और 10 वर्षीय भतीजा राजवीर शामिल हैं। पुलिस ने तीनों के शवों को सवाई मानसिंह अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए।
घटना के बारे में एक्सीडेंट थाना दक्षिण के एसएचओ सुभाष चंद्र बिश्नोई ने बताया कि महिला अष्टमी के त्योहार पर भोजन प्रसादी के लिए दोनों बच्चों को लेकर शिप्रापथ रोड पर गई थी। कावेरी पथ तिराहे के पास गंगा जमुना पेट्रोल पंप की ओर से आ रही थार गाड़ी ने ओवरटेक के चक्कर में बेकाबू होकर तीनों को कुचल दिया। हादसे के बाद चालक विपिन सैनी गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया।
हिट एंड रन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां इलाज के दौरान तीनों की मौत हो गई। पुलिस ने कई CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और चालक विपिन सैनी को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में लापरवाही और ओवरस्पीडिंग की वजह से हादसा होना सामने आया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।