



राजस्थान ताइक्वांडो संघ के पूर्व सचिव दिनेश जगरवाल को स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने 2017-18 में आयोजित भगवान महावीर ओपन स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप में फर्जी सर्टिफिकेट जारी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी ने इन फर्जी प्रमाण पत्रों के बदले खिलाड़ियों से एक-एक लाख रुपए वसूल किए थे, जिनमें से कई ने इन प्रमाण पत्रों के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल कर ली थी।
तब, राजस्थान ताइक्वांडो संघ ने 2017 में राजस्थान विश्वविद्यालय और 2018 में सवाई मानसिंह स्टेडियम में चैंपियनशिप का आयोजन किया था, जिसमें क्रमशः 4000 और 3000 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। इन प्रतियोगिताओं के दौरान जगरवाल ने फर्जी प्रमाण पत्र जारी किए, जिनका वेरीफिकेशन स्वयं किया और खिलाड़ियों से अवैध रूप से राशि प्राप्त की।
एसओजी के डीआईजी परिस देशमुख ने बताया कि दिनेश जगरवाल ने पूर्व ताइक्वांडो खिलाड़ियों के रिकॉर्ड में हेराफेरी करके फर्जी सर्टिफिकेट जारी किए। गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों में सरकारी शिक्षक बिमलेंदु कुमार झा, कमल सिंह, हितेश भादू और मनोज कुमार शामिल हैं। एसओजी यह भी जांच कर रही है कि पीटीआई भर्ती के अलावा अन्य भर्ती प्रक्रियाओं में भी फर्जी सर्टिफिकेट का उपयोग हुआ है या नहीं।
2018 के बाद राजस्थान ताइक्वांडो संघ को चैंपियनशिप की मान्यता नहीं मिली। वर्ष 2023 में भारतीय ताइक्वांडो संघ ने नए चुनाव करवाए, जिसमें लक्ष्मण सिंह हाड़ा को सचिव और उत्तम सैनी को अध्यक्ष चुना गया। संघ का कहना है कि वर्तमान में जगरवाल की कोई भूमिका नहीं है और नए सचिव लक्ष्मण हाड़ा ही सभी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।