Saturday, 29 August 2026

राइजिंग राजस्थान' समिट 2024: सिंगापुर में राजस्थान के प्रतिनिधिमंडल ने जल संरक्षण, शहरी परिवहन और पर्यटन में सहयोग पर किया चर्चा


राइजिंग राजस्थान' समिट 2024: सिंगापुर में राजस्थान के प्रतिनिधिमंडल ने जल संरक्षण, शहरी परिवहन और पर्यटन में सहयोग पर किया चर्चा

राजस्थान सरकार के उद्योग और वाणिज्य मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने 'राइजिंग राजस्थान' ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट 2024 के लिए सिंगापुर में संभावित सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सिंगापुर सरकार की प्रमुख एजेंसियों से मुलाकात की। इस दौरे में पब्लिक यूटीलिटिज बोर्ड (पीयूबी), लैंड ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (एलटीए), और सिंगापुर टूरिज्म बोर्ड के अधिकारियों से मिलकर जल संरक्षण, शहरी परिवहन, और पर्यटन के क्षेत्र में आपसी सहयोग पर चर्चा की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने पीयूबी के परिसर का दौरा कर कार्बन फुटप्रिंट घटाने और रिसाइकल्ड पानी के उपयोग के मॉडल पर जानकारी प्राप्त की। उद्योग मंत्री राठौड़ ने कहा कि सिंगापुर के सफल जल प्रबंधन मॉडल से राजस्थान को जल संचयन की रणनीतियों में सीखने का अवसर मिलेगा। इसके बाद एलटीए के साथ सस्टेनेबल ट्रांसपोर्ट, साइक्लिंग और पैदल चलने के बुनियादी ढांचे में संभावनाओं पर चर्चा की गई।

प्रतिनिधिमंडल ने सिंगापुर टूरिज्म बोर्ड के अधिकारियों से मुलाकात कर पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया और राजस्थान में एक अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव दिया। सिंगापुर और जयपुर के बीच सीधी हवाई सेवा की संभावना पर भी विचार करने का अनुरोध किया गया।

प्रतिनिधिमंडल की यात्रा के दौरान, सिंगापुर की रियल एस्टेट कंपनी मैपलट्री इन्वेस्टमेंट से भी मुलाकात हुई। लॉजिस्टिक इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार में रुचि व्यक्त करने वाले मैपलट्री के अधिकारियों ने राजस्थान में लॉजिस्टिक केंद्र स्थापित करने पर विचार किया। राज्य सरकार के प्रयासों के परिणामस्वरूप इस समिट से राजस्थान में विदेशी निवेश को नई दिशा मिलेगी, जिसमें 12.55 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं।

'राइजिंग राजस्थान' ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट 2024 का उद्देश्य
इस त्रिदिवसीय समिट का आयोजन 9 से 11 दिसंबर 2024 को जयपुर में किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य राजस्थान में निवेश को प्रोत्साहित करना और उद्योग, पर्यटन, शिक्षा, अक्षय ऊर्जा, आईटी, और ईवी जैसे विभिन्न क्षेत्रों में अवसर प्रदान करना है। समिट का आयोजन उद्योग एवं वाणिज्य विभाग, बीआईपी और रीको के सहयोग से किया जाएगा, जिसमें सीआईआई इंडस्ट्री पार्टनर और पीडब्ल्यूसी नॉलेज पार्टनर के रूप में सम्मिलित हैं।

Previous
Next

Related Posts