



मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राइजिंग राजस्थान पहल के तहत आर्थिक क्षेत्र के प्रमुख चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, कंपनी सेक्रेटरी, कॉस्ट मैनेजमेंट अकाउंटेंट्स, और उद्योगपतियों के साथ एक महत्वपूर्ण चर्चा का आयोजन किया। इस बैठक का उद्देश्य राज्य की आर्थिक उन्नति में इन क्षेत्रों की सहभागिता बढ़ाना और राजस्थान में निवेश के बेहतर अवसर पैदा करना था।
चर्चा में चार्टर्ड अकाउंटेंट इंस्टिट्यूट के अध्यक्ष सुनील गोयल, मयूर यूनिकोटर्स के चेयरमैन सुरेश पोद्दार, जीनस पॉवर के चेयरमैन आई. सी. अग्रवाल, एआरजी ग्रुप के आत्माराम गुप्ता, और कंपनी सेक्रेटरी इंस्टिट्यूट के पूर्व अध्यक्ष डॉ. श्याम अग्रवाल के साथ ही गोलछा ग्रुप के विक्रम गोलछा समेत कई प्रमुख आर्थिक विशेषज्ञ और उद्योगपतियों ने भाग लिया।
बैठक में मुख्यमंत्री के एसीएस शिखर अग्रवाल, इंडस्ट्री के सचिव अजिताभ शर्मा, एसीएस वित्त अखिल अरोड़ा, और रीको के चेयरमैन इंद्रजीत सिंह भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों और उद्यमियों ने मुख्यमंत्री की इस पहल की सराहना की और राइजिंग राजस्थान के उद्देश्यों को साकार करने में पूर्ण सहयोग का संकल्प लिया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों और आर्थिक विशेषज्ञों से सुझाव मांगे कि किस प्रकार विभिन्न आर्थिक क्षेत्र राइजिंग राजस्थान में योगदान दे सकते हैं और राज्य के विकास में नई संभावनाओं का सृजन कर सकते हैं। चर्चा में उद्यमिता और वित्तीय प्रबंधन से जुड़े कई बिंदुओं पर सुझाव भी सामने आए, जिससे राज्य में निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार किया जा सकेगा।